Wednesday, March 25, 2026
Homeरायगढ़रायगढ़ में व्यापारिक समस्याओं के निराकरण को लेकर चैम्बर का पुलिस अधीक्षक...

रायगढ़ में व्यापारिक समस्याओं के निराकरण को लेकर चैम्बर का पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन

रायगढ़। छत्तीसगढ़ चैम्बर ऑफ कॉमर्स एण्ड इंडस्ट्रीज द्वारा शहर में बढ़ती चोरी, यातायात अव्यवस्था और व्यापारियों से संबंधित अन्य गंभीर समस्याओं के निराकरण की मांग को लेकर पुलिस अधीक्षक को एक ज्ञापन सौंपा गया। चैम्बर के प्रदेश उपाध्यक्ष सुशील रामदास अग्रवाल के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह से मुलाकात की और इन समस्याओं से संबंधित विस्तृत ज्ञापन सौंपा।

प्रतिनिधिमंडल में प्रदेश मंत्री शक्ति अग्रवाल, पूर्व प्रदेश मंत्री राजेश अग्रवाल, जिला अध्यक्ष गोपी ठाकुर, जिला उपाध्यक्ष मनोज बेरिवाल (टिम्बर) सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे। ज्ञापन में प्रमुख रूप से चार बिंदुओं पर गंभीर चिंता जताई गई।

इस मुलाकात में सबसे प्रमुख समस्या रात्रि में माल उतारने के लिए निर्धारित समय-सीमा को लेकर असमजस की स्थिति थी। चैम्बर ने कहा कि फिलहाल बाहरी शहरों से आने वाले ट्रकों को रात 11 बजे के बाद प्रवेश की मौखिक अनुमति दी जा रही है, जिससे व्यापारियों में असमंजस की स्थिति बनी रहती है। इस संबंध में एक स्पष्ट लिखित आदेश या गाइडलाइन जारी करने की मांग की गई, ताकि सभी को निश्चित समय-सीमा की जानकारी हो सके और व्यवस्था सुचारू रूप से संचालित हो सके। इस समस्या पर संज्ञान लेते हुए वरिष्ट पुलिस अधीक्षक ने अपने मातहत अधिकारियों को आदेश जारी किया कि रात 11 बजे से सुबह 6 बजे तक व्यापारी बड़े वाहनों से शहर के भीतर माल लोडिंग अनलोडिंग कर सकते हैं।

इसके अतिरिक्त श्री सिंह से चैम्बर के पदाधिकारियों ने कम उम्र के बेसहारा बच्चे, जो कि नशे का आदी बनते जा रहे हैं और अपने लत के कारण वे छोटी मोटी चोरियां भी करते हैं। उन्हें मुख्यधारा में जोड़ने के लिए प्रयास किया जाना चाहिए। इसपर वरिष्ट पुलिस अधीक्षक ने कहा कि यह प्रस्ताव बहुत प्रशंसनीय है और मैं इस विषय पर यूनिसेफ से बात करूंगा कि स्थानीय समाजसेवी संस्थाओं के साथ मिलकर ऐसे बच्चों को कैसे अच्छा वातावरण दिया जा सकता है।

दूसरी प्रमुख समस्या छातामुड़ा बायपास के साथ शहर के चारों दिशाओं में यातायात की बाधा को लेकर उठाई गई। यहां कबाड़ वाहनों और भारी लोडिंग गाड़ियों के सड़क किनारे खड़े रहने से राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात प्रभावित हो रहा है, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। इस क्षेत्र में अवैध पार्किंग पर नियंत्रण और नियमित निगरानी की आवश्यकता पर बल दिया गया।

तीसरा मुद्दा शहर के व्यावसायिक क्षेत्रों में ए.सी. के आउटडोर यूनिट और कॉपर पाइप की बढ़ती चोरी की बताई गई। गौरीशंकर मंदिर रोड, रविशंकर शुक्ल मार्केट और संजय कॉम्प्लेक्स जैसे इलाकों में लगातार हो रही इन घटनाओं से व्यापारियों में भय का माहौल बना हुआ है। कई व्यापारी सुरक्षा की दृष्टि से अपनी दुकानों में ए.सी. लगवाने से भी हिचक रहे हैं। चैम्बर ने इन क्षेत्रों में रात्रि गश्त बढ़ाने और ठोस सुरक्षा उपाय करने की मांग की है।

चैम्बर पदाधिकारियों ने पुलिस अधीक्षक से सभी बिंदुओं पर गंभीरतापूर्वक विचार कर आवश्यक और त्वरित कार्यवाही करने का अनुरोध किया, जिससे शहर में कानून व्यवस्था सुदृढ़ हो और व्यापारिक वातावरण सुरक्षित एवं व्यवस्थित बना रहे।

RELATED ARTICLES

Most Popular