रायगढ़। रामदास द्रौपदी फाउंडेशन द्वारा नगर के आसपास के कई विद्यालयों में पौधरोपण किया गया। जिसमें हाई स्कूल चांदमारी, मूक बधिर विद्यालय उम्मीद और प्राथमिक व माध्यमिक शाला उर्दना आदि प्रमुख हैं। रामदास द्रौपदी फाउंडेशन द्वारा उपरोक्त स्थानों पर वृहद पौधरोपण किया गया। इस वृहद पौधरोपण कार्यक्रमों में विद्यालय के छात्र-छात्राओं को पौधों को बचाने की शपथ भी दिलाई गयी।
हाई स्कूल चांदमारी के पौधरोपण कार्यक्रम में इनकी उपस्थिति
नगर के चांदमारी हाई स्कूल में गत दिनों रामदास द्रौपदी फाउंडेशन के चेयरमैन सुनील रामदास के हाथों पौधरोपण किया गया। उसके पश्चात् उन्होंने छात्र-छात्राओं को पर्यावरण संरक्षण में योगदान हेतु शपथ दिलाई। इस अवसर पर लायंस क्लब से आनंद बेरीवाल, संजय अग्रवाल (कार्ड), विनोद अग्रवाल (अजन्ता), शिव शंकर अग्रवाल, राजेश अग्रवाल, ओम प्रकाश अग्रवाल (ओमी) आदि उपस्थित रहे।
इसके अतिरिक्त नगर के पत्रकार शेख ताजिम, समाजसेवी मुबशीर हुसैन, वार्ड क्रमांक 8 की पार्षद रूकमणी साहू, सहित विद्यालय परिवार से प्रभारी प्राचार्य अर्चना स्वर्णकार, डॉ. मनीषा त्रिपाठी, प्रेमलता चंदेल, मुकेश मेहर, भावना दुबे, कुमुदनी सिदार, देव कुमार पैंकरा, राकेश कुमार यादव, रूपेश कुमार मेहर, भरतलाल नामदेव, पुनीराम चैहान, निराकार पटेल, नंदकुमार पटेल, इरयल टोप्पो, सरोज बाला मिश्रा, कपूर कांति भगत, सन्नी खाण्डे आदि शिक्षक गण उपस्थित रहे।
मूक बधिर विद्यालय उम्मीद परिसर में हुआ पौधरोपण
पहाड़ मंदिर के पास संचालित मूक बधिर विद्यालय उम्मीद परिसर में रामदास द्रौपदी फाउंडेशन द्वारा पौधरोपण किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के संचालक सिद्धांत शंकर मोहंती, ज्योति यादव, विक्रम पण्डा, किरण कुजुर, गौरी शंकर पटेल, लता मेहर, अमित भोय, राजेश यादव, लुकेश सिदार, सुमित यादव, कमल निषाद, राकेश चैहान आदि उपस्थित रहे। वहीं फाउंडेशन के पौधरोपण कार्य का संचालन कर रहे राम नंदन यादव के द्वारा पौधरोपण किया गया। इस अवसर पर एक सभा भी आयोजित की गई, जिसमें संचालक सिद्धांत शंकर मोहंती ने फाउंडेशन के इस कार्य की भूरि-भूरि प्रशंसा की।
प्राथमिक व माध्यमिक शाला उर्दना परिसर में भी हुआ पौधरोपण
फाउंडेशन द्वारा उर्दना के प्राथमिक व माध्यमिक विद्यालय में पौधरोपण किया गया, जिसमें विद्यालय के प्रधानपाठक व शिक्षक-शिक्षिका गण सहित बच्चे उपस्थित रहे। इस अवसर पर प्राधानपाठक ने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि हमारा पूरा जीवन चक्र इन पेड़-पौधों के इर्द-गिर्द ही घूम रहा है। परमात्मा द्वारा बनाए गए पारिस्थितिक तंत्र में मिट्टी ही वह आधार है और इस आधार के कारण ही हमारा जीवन व पारिस्थितिक तंत्र बना है। जिसे सुरक्षित रखने में पेड़-पौधों की महत्त्वपूर्ण भूमिका होती है। इसलिए हमें पेड़ों को अधिक से अधिक लगाना चाहिए और उनकी सुरक्षा भी सुनिश्चित करनी चाहिए।
रामदास द्रौपदी फाउंडेशन ने किया कई स्थानों पर पौधरोपण
सावन सोमवार पर हुआ सामूहिक रुद्राभिषेक, ओम नमः शिवाय जाप से गुंजायमान
रायगढ़। सावन के तीसरे सोमवार को सभी शिव मंदिरों में भगवान भोलेनाथ के दर्शन व पूजा अर्चना के लिए भीड़ लगी रही। पूरे दिन मंदिरों में यह दौर चलता रहा। कई स्थानों पर जलाभिषेक व महा रुद्राभिषेक का आयोजन भी किया गया। वहीं दादू भवन में भी शिव महापुराण के आयोजन के बीच सामुहिक रूद्राभिषेक यज्ञ का आयोजन हुआ।
शहर के रामलीला मैदान दादू द्वारा भवन में पवित्र श्रावण सोमवार के अवसर पर महा रुद्राभिषेक किया गया। यहां बड़ी संख्या में जोड़ों ने हिस्सा लेकर सामूहिक रूप से रुद्राभिषेक किया। शिवलिंग पर जल दूध चढ़ाकर भगवान शिव की विशेष रूप से पूजा अर्चना की। इस मौके पर शहर के पंडित ब्रजेश्वर मिश्रा व अन्य विद्वान पंडितों ने विधिवत मंत्रोच्चारण के साथ यह आयोजन संपन्न कराया।
उल्लेखनीय है कि श्रावण मास के पावन अवसर पर यहां श्री नारायणी सेवा समिति के तत्वाधान में श्री शिव महापुराण का आयोजन हो रहा है। पिछले 5 दिनों से कथा व्यास महाराज जी द्वारा भगवान शिव की कथा सुनाई जा रही है। बड़ी संख्या में यहां लोग पहुंचकर कथा का श्रवण कर रहे हैं।
भवानी बाल मंदिर में छात्रों को दिये गए सुरक्षा के टिप्स
महिला सेल ने बच्चों व शिक्षकों को महिला अपराधों व अभिव्यक्ति ऐप की दी जानकारी
रायगढ़। महिलाओं के प्रति अपराधों से संबंधित कानून के प्रति जागरूक करने एसएसपी सदानंद कुमार के निर्देशन पर महिला सेल स्कूलों में लगातार महिला सुरक्षा एवं जागरूकता अभियान चलाया गया। इसी क्रम में आज शहर के चांदमारी स्थित भवानी बाल विद्या मंदिर में जिला पुलिस की महिला सेल द्वारा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
महिला सेल प्रभारी सहायक उप निरीक्षक मंजु मिश्रा द्वारा स्कूल स्टाफ एवं स्कूली छात्र-छात्राओं को बालकों के अधिकार तथा महिलाओं से संबंधित अपराध, सायबर क्राइम, फर्जी काल, ठगी, यातायात नियमों व अन्य अपराधों के संबंध में जानकारी दिया गया।
महिला सेल प्रभारी द्वारा शिक्षिकाओं तथा उपस्थिति में छात्राओं को यौन उत्पीड़न, छेडखानी, घरेलू हिंसा, पाक्सो एक्ट तथा पीड़ित क्षतिपूर्ति योजना, सेल्फ डिफेंस के साथ-साथ गुड टच, बैड टच के संबंध में भी विस्तार पूर्वक बताकर उनकी रोकथाम के उपाय की जानकारी दी।
कार्यक्रम में महिला सुरक्षा संबंधी उपयोगी “अभिव्यक्ति ऐप” के संबंध में जानकारी देकर स्कूल की टीचर्स व स्टाफ के मोबाइल पर अभिव्यक्ति ऐप इंस्टाल कराया गया। महिला सेल प्रभारी मंजु मिश्रा के साथ महिला आरक्षक प्रीति यादव, अराधना आनंद भी जागरूकता कार्यक्रमों में उपस्थित थी।
लूट के मामले में फरार आरोपी पकड़ाया, कोतवाली पुलिस की कार्रवाई
रायगढ़। लूट के मामले में फरार आरोपी मो. जैकी खान उर्फ शेखू (20 साल) निवासी ढिमरापुर पुरानी बस्ती रायगढ़ को कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायालय पेश किया गया है। बीते 19 जुलाई को आरोपी मो. जैकी अपने साथी गगनदीप सिंह और साहिल एक्का ने ढिमरापुर चैक पर ग्राम कोतरलिया के विनय बेहरा (19 साल झगड़ा विवाद धक्का मुक्की हाथापाई कर विनय के मोटर सायकल, मोबाइल रेडमी-8, पहने घड़ी, पाकिट में रखे पर्स को डरा धमका कर लूटकर भाग गये थे।
21 जुलाई को थाना कोतवाली में लूट के एफआईआर के बाद थाना प्रभारी कोतवाली शनिप रात्रे के नेतृत्व में कोतवाली पुलिस ने आरोपियों का धरपकड़ किया गया जिसमें आरोपी गगनदीप सिंह (19 साल) निवासी रामभांठा रायगढ़ को गिरफ्तार कर लूटी मोटर सायकल, पर्स, घड़ी और नकद 350 रूपये बरामद कर आरोपी को रिमांड बाद जेल दाखिल किया गया था। आज मुखबिर सूचना पर आरोपी मो. जैकी खान उर्फ शेखू को गिरफ्तार कर रिमांड पर भेजा गया है। आरोपी की पतासाजी, गिरफ्तारी में थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक शनिप रात्रे, सहायक उप निरीक्षक इगेश्वर यादव, आरक्षक जगमोहन लाल ओग्रे, संदीप मिश्रा, उत्तम सारथी, जगन्नाथ साहू की अहम भूमिका रही है।
शातिर चोर से चोरी की मोटर सायकल जप्त, बाईक सहित गैस सिलेंडर व चावल की चोरी के बाद था फरार
रायगढ़। कोतवाली पुलिस ने आज बड़े रामपुर के पास चोरी की मोटर सायकल बेचने ग्राहक तलाश कर रहे सरिया थाना क्षेत्र के मोहित सिदार (27 साल) को हिरासत में लिया गया है जिससे मोटर सायकल के संबंध में पूछताछ करने पर मोहित ने फरवरी माह में बड़े रामपुर बस्ती के एक घर से मोटरसाइकिल पैशन प्रो सीजी 13 यु 7296, 02 नग रसोई गैस सिलेंडर और 30 किलो चावल की चोरी करना बताया।
उक्त चोरी के संबंध में 20 फरवरी को शिवा मनहर निवासी कचरा गोदाम के पास बड़े रामपुर द्वारा थाना कोतवाली में साथ काम करने और ट्रेक्टर चलाने वाले मोहित सिदार के विरुद्ध चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराया था । कोतवाली पुलिस द्वारा मोहित सिदार पर चोरी का अपराध दर्ज कर आरोपी की पतासाजी किया जा रहा था। मोहित सिदार काफी समय से रायगढ़, सरिया, सारंगढ़ में लुक छुप कर रहा था। आज बड़े रामपुर के पास आरोपी को चोरी की मोटरसाइकिल के साथ देखे जाने की सूचना पर कोतवाली पुलिस ने धर दबोचा। आरोपी ने बाइक के अलावा चोरी किये 02 नग गैस सिलेंडर को अज्ञात पीकअप वाहन के चालक को 1500 में बेच देना बताया। आरोपी के कब्जे से चोरी मोटरसाइकिल पैशन प्रो क्रमांक सीजी 13 यु 7296 की जब्ती कर आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है। आरोपी पतासाजी गिरफ्तारी में थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक शनिप रात्रे, प्रधान आरक्षक दिलीप भानु, आरक्षक जगमोहन लाल ओग्रे, संदीप मिश्रा, उत्तम सारथी, जगन्नाथ साहू की अहम भूमिका रही है।
सरपंच पति के खिलाफ ग्रामीणों ने बोला हल्ला, कलेक्टर व थाना प्रभारी से की लिखित शिकायत
रायगढ़। शहर के निकटतम ग्राम पंचायत नवापाली बिंजकोट की महिला सरपंच के पति के खिलाफ स्थानीय ग्रामीणों ने कलेक्टर रायगढ़ और थाना चक्रधर नगर पुलिस से लिखित शिकायत की है।
अपनी शिकायत में ग्रामीणों ने कहा है कि सरपंच पति उमेश पटेल शराब पीकर आए दिन गांव वालों से बेमतलब मारपीट और गाली गलौज करता रहता है। इसके अलावा उमेश पटेल गांव में बाहरी असमाजिक तत्वों को बुलाकर उन्हें खिलाना पिलाना करता है, इनके द्वारा आए दिन गांव का माहौल खराब किया जाता है।
बात यहीं खत्म नहीं होती महिला सरपंच के पति उमेश पटेल के द्वारा गांव के विभिन्न शासकीय निर्माण कार्यों में भी बड़ी धांधली की गई है। जिनमें सड़क निर्माण,पुराना आवास,शौचालय निर्माण,मजदूरी,राशन वितरण में व्यापक धांधली की गई है। ग्रामीणों की मांग है इन सभी मामलों में संलिप्त सरपंच पति उमेश पटेल के खिलाफ समय रहते प्रशासन और पुलिस जांच करते हुए दंडात्मक कार्यवाही करे। ध्यान देने योग्य बात यह है कि ग्राम पंचायत नवापाली बिंजकोट से बड़ी संख्या में ग्रामीण और जन प्रतिनिधि सरपंच पति के खिलाफ ज्ञापन देने कलेक्ट्रेट आए थे।