Home Blog Page 17

किण्डर वैली स्कूल में गूँजी मुरली की मधुर तान, राधा-कृष्ण की बाल छवि ने मोह लिया सबका मन, जन्माष्टमी उत्सव बना यादगार

रायगढ़। रामलीला मैदान स्थित किण्डर वैली स्कूल, जो जिले में शिक्षा के साथ-साथ सांस्कृतिक गतिविधियों के लिए भी पहचाना जाता है, बच्चों के बौद्धिक और सर्वांगीण विकास के लिए नियमित रूप से मनोरंजक व ज्ञानवर्धक कार्यक्रम आयोजित करता है। डायरेक्टर मिसेज रीनू के मार्गदर्शन में होने वाले ये आयोजन न सिर्फ बच्चों को सीखने का नया अनुभव देते हैं, बल्कि अभिभावकों के चेहरों पर भी संतोष और गर्व की मुस्कान ले आते हैं। इसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए 13 अगस्त की सुबह 9 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक स्कूल परिसर में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव का भव्य आयोजन हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत डायरेक्टर मिसेज रीनू, कोऑर्डिनेटर नम्रता चौहान और स्टाफ सदस्यों ने भगवान श्रीकृष्ण के बाल स्वरूप की पूजा-अर्चना के साथ की, जिसके बाद “जय श्री कृष्णा” और “जय श्री राधे” के जयघोष से पूरा परिसर भक्तिमय माहौल में डूब गया।




बच्चों ने जाना जन्माष्टमी का महत्व
श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की खुशी में स्कूल परिसर को रंग-बिरंगे गुब्बारे, झिलमिलाते झालर और भगवान श्रीकृष्ण की मनमोहक बाल-छवियों से खूबसूरती से सजाया गया था। कार्यक्रम से पहले, मिसेज रीनू ने बच्चों को सहज और आकर्षक अंदाज में जन्माष्टमी का महत्व समझाया। उन्होंने कृष्ण के जीवन की प्रेरक घटनाएं, उनकी बाल-लीलाएं और धर्म की रक्षा के उनके संकल्प के बारे में रोचक तरीके से बताया। नन्हें श्रोताओं ने बड़े ध्यान और उत्साह के साथ हर बात सुनी, मानो वे स्वयं उस कथा का हिस्सा बन गए हों।

विविध प्रतियोगिताओं में बच्चों ने दिखाई प्रतिभा
किण्डर वैली स्कूल में इस बार श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महापर्व का रंग कुछ अलग ही था। बच्चों के लिए क्यूट श्रीकृष्ण-श्रीराधा, ग्रुप गीत-नृत्य और दही हांडी फोड़ जैसी प्रतियोगिताएं रखी गईं, जिनमें हर तरफ उत्साह का माहौल था। छोटे-छोटे कान्हा और राधा, रंग-बिरंगे परिधानों में सजे, माथे पर मोरपंख और हाथों में बांसुरी लिए जब मंच पर आए तो मानो पूरा स्कूल मुस्कुरा उठा। उनकी भोली मुस्कान और मासूम अदाएं देखकर अभिभावक भी खुशी से भर गए। कोई कैमरे में पलों को कैद कर रहा था, तो कोई तालियों में लय मिलाकर बच्चों का उत्साह बढ़ा रहा था।

पुरस्कारों से बढ़ा बच्चों का उत्साह
विविध प्रतियोगिता में स्कूल के बच्चों ने मनभावन प्रस्तुति दी जो हर किसी के लिए खास व यादगार रहा। कार्यक्रम के पश्चात बच्चों को पुरस्कृत किया गया। वहीं क्यूट श्री कृष्ण में प्रथम कृष साव व अयांश कोका व क्यूट श्रीराधा में प्रथम राइली, द्वितीय अन्नया साव को पुरस्कृत किया गया। इसी तरह ग्रुप डांस में सभी प्रतिभागी बच्चों को भी पुरस्कृत किया गया। कार्यक्रम के समापन पर सभी बच्चों को टॉफी और प्रसाद वितरित किया गया, जिससे उनके चेहरों पर खुशी और भी खिल उठी।


बच्चों का सर्वांगीण विकास हमारी प्राथमिकता : मिसेज रीनू
इस मौके पर स्कूल की डायरेक्टर मिसेज रीनू ने कहा कि “किण्डर वैली स्कूल में हमारा उद्देश्य बच्चों को केवल आधुनिक शिक्षा तक सीमित रखना नहीं है, बल्कि उन्हें भारतीय संस्कृति और जीवन मूल्यों से भी गहराई से जोड़ना है। ऐसे आयोजन न केवल उनके आत्मविश्वास और रचनात्मकता को बढ़ाते हैं, बल्कि उनके बौद्धिक और नैतिक विकास में भी अहम भूमिका निभाते हैं। हम समय-समय पर विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन इसलिए करते हैं ताकि बच्चों का सर्वांगीण विकास हो और वे जीवन के हर क्षेत्र में सफलता प्राप्त कर सकें। हमारी पूरी टीम इसी संकल्प के साथ उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए निरंतर समर्पित है।”


डॉयरेक्टर मिसेज रीनू बच्चों को पुरस्कृत करतीं हुईं
सफल आयोजन के पीछे टीम की मेहनत
श्रीकृष्ण जन्माष्टमी उत्सव कार्यक्रम को सफल बनाने में डायरेक्टर मिसेज रीनू, कोऑर्डिनेटर नम्रता चौहान, सीनियर टीचर अंजना सिदार, टीचर खुशबू जोगी, दिव्या यादव, स्टाफ सदस्य अहिल्या निषाद, राधेश्याम चौहान सहित सभी अभिभावकों और बच्चों का योगदान सराहनीय रहा।

रायगढ़ में श्याम मण्डल के जन्माष्टमी मेले का शुभारम्भ गोस्वामी गोविंद बाबा के सानिध्य में होगा,नई नई झांकिया होंगी आकर्षण का केंद्र

रायगढ़ 12 अगस्त ।आगामी 16 अगस्त को भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव मनाए जाने के लिए लिए श्री श्याम मंडल की ओर से पूरी तैयारी कर ली गई है। उक्ताशय की जानकारी श्याम मण्डल के अध्यक्ष बजरंग लेन्धरा ने आज आयोजित एक प्रेस वार्ता के दौरान दी।


बजरंग लेन्धरा ने बताया
श्री श्याम मंडल द्वारा आयोजित किये जाने वाले श्री कृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव का यह 27 वां साल होगा। लिहाजा इसके अनुरूप महोत्सव में भव्यता प्रदान की भी पूरी कोशिश की गई है। दर्शनार्थियों के लिए न सिर्फ नयनाभिराम स्वचलित झांकियां लगाई जा रही है तो वहीं सुरक्षा का भी खास इंतजाम रखा जा रहा है। इस साल भी श्री श्याम मंडल द्वारा 14 अगस्त से 18 अगस्त तक झांकियों का प्रदर्शन किया जायेगा। खास बात ये है कि इस साल इस महोत्सव का शुभारंभ श्रीधाम वृंदावन के भागवताचार्य गोस्वामी गोविंद बाबा के करकमलों से होगा।
हर साल की तरह इस साल भी श्री श्याम मंडल रायगढ़ की ओर से भगवान श्री कृष्ण जन्माष्टमी महापर्व की खुशी में 14 से 18 अगस्त तक पांच दिवसीय श्री कृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। जिसका शुभारंभ 14 अगस्त को शाम चार बजे वृंदावन के गोविंद बाबा के करकमलों द्वारा किया जायेगा। महोत्सव के लिए श्याम बगीची परिसर में दस हजार वर्ग फुट में वाटरप्रूफ पंडाल बनाए गए हैं। जहां मनभावन स्वचालित झांकियां पंचमुखी गणेश जी, कृष्ण द्वारा माखन चोरी, अशोक वाटिका, वीर बर्बरीक द्वारा शीश दान, हनुमान जी का सूर्य भक्षण, गौरा गौरी पूजा, गोवर्धन पर्वत धारण, दिव्य कुंभ स्नान, जुरासिक पार्क, राम दरबार, होलिका दहन, गंगा जी का अवतरण,श् श्री कृष्ण द्वारा कंस वध, भगवान विष्णु जी की शेषशैय्या और विशेष आकर्षण ऑपरेशन सिंदूर की मनभावन झांकियां श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ लगाई जा रही है। इसी तरह मंदिर प्रांगण में लड्डू गोपाल झूला, राधा कृष्ण झूला, वृंदावन की मनमोहक बांके बिहारी जी की दर्शन झांकियां लगेंगी। इस बार महोत्सव में विशेष आकर्षण का केंद्र फूल बंगला रहेगा और मंदिर को मनभावन फूलों से सजाकर फूल बंगला का भव्य रुप दिया जा रहा है। जिसे कोलकाता के कलाकार नवरुप दे रहे हैं और स्वचालित झांकियों को दुर्ग अंजोरा के कलाकार भव्यता दे रहे हैं।

श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के मद्देनजर श्याम बगीची और श्याम मंदिर परिसर व क्षेत्र को हाई सीसीटीवी कैमरे से सुरक्षा की दृष्टि से अपडेट किया गया है। दर्शन पूजन करने आए श्रद्धालुओं के लिए अलग से बेरिकेड्स की सुविधा की गई है। इसी तरह सुरक्षा गार्ड दिन और रातभर तैनात रहेंगे। पुलिस विभाग, ट्रैफिक विभाग के जवान भी अपनी सेवाएं देंगे। सफाई व्यवस्था में निगम के कर्मचारियों का भी योगदान रहेगा। इसी तरह आगामी 16 अगस्त की अर्ध रात्रि को भगवान श्री कृष्ण जी का अलौकिक श्रृंगार किया जाएगा। भजन कीर्तन और मधुर गीत के साथ 56 भोग और माखन मिश्री का भोग लगाकर फूलों की वर्षा से भगवान श्री कृष्ण का स्वागत व धूमधाम से जन्मोत्सव मनाया जाएगा।
पत्रकार वार्ता के दौरान श्याम मण्डल के सचिव आनन्द गर्ग ,उपाध्यक्ष मुकेश गोयल,कोषाध्यक्ष दीपक मित्तल, सहसचिव जयप्रकाश गोयल,सचिन बंसल ,नरेंद्र अग्रवाल ,विनोद अग्रवाल ,गजेंद्र गर्ग ,पवन शर्मा,संजय अग्रवाल,अनिल गर्ग ,राजेन्द्र अग्रवाल आदि मौजूद थे।

सोनिया नगर चोरी कांड का मुख्य आरोपी धीरज शर्मा को कोतवाली पुलिस ने चलते बस से दबोचा, आरोपी का साथी भी गिरफ्तार

आरोपी धीरज शर्मा व्यापारी के घर से सोने के बिस्किट, चांदी के सिल्ली और नकदी चोरी में था फरार पुलिस ने पहले ही चोरी का सारा माल मीर रिजवान से  की थी बरामद, तब आरोपी मीर रिजवान पुलिस को किया गुमराह घटना के बाद आरोपी धीरज ने कई जगह छिपकर फरारी काटी पर पुलिस के बिछाये जाल में फंसा आरोपी धीरज से चोरी में उपयोग की गई दो स्कूटी और मोबाइल जब्त, दोनों आरोपियों को पुलिस ने भेजा रिमांड पर

   रायगढ़, 12 अगस्त 2025 ।कोतवाली पुलिस ने सोनिया नगर में हुई लाखों की चोरी के फरार मुख्य आरोपी धीरज शर्मा को उर्दना चौक के पास घेराबंदी कर रायगढ़ लौट रही बस से पकड़ने में बड़ी सफलता हासिल की है। घटना के बाद आरोपी वृंदावन में छिपा हुआ था, जिसकी गतिविधियों पर लगातार नजर रखते हुए पुलिस ने जाल बिछाकर उसे दबोच लिया। पूछताछ में सामने आया कि चोरी के माल को छिपाने में उसके बचपन के दोस्त मीर रिजवान अली ने मदद की थी, जिसे पहले ही बरामदगी के दौरान पुलिस ने संदिग्ध पाया था। दरअसल, पुलिस ने चोरी के चार सोने के बिस्किट, तीन चांदी के सिल्ली और तीन सोने की अंगूठियां मीर रिजवान के पास से बरामद की थीं, पर उस समय उसने माल के बारे में अनजान होने का दावा किया था।

       मामला 25 जून का है, जब सोनिया नगर निवासी कपड़ा व्यवसायी अनूप अग्रवाल ने घर में हुई बड़ी चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। 22 जून को वे पत्नी संग बाहर थे और घर पर उनका बेटा आदित्य मौजूद था। उसी रात उसका मित्र पंडित धीरज व तीन स्टाफ आए और देर रात चले गए। अगले दिन स्टाफ के पहुंचने पर आदित्य की तबीयत खराब थी और उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। 23 जून को आदित्य ने अलमारी चेक की तो चार सोने के बिस्किट गायब मिले। साथ ही ग्राउंड फ्लोर ऑफिस से 3 लाख 40 हजार रुपये नगद और दो सोने की अंगूठियां भी चोरी हो चुकी थीं। चोरों ने पहचान छिपाने के लिए बुटिक में लगे सीसीटीवी डीवीआर और पीओई स्विच भी निकाल लिए थे। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 312/2025 धारा 331(4),305 बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए।

           घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक दिव्यांग पटेल, डीएसपी साइबर सेल अनिल विश्वकर्मा और कोतवाली टीआई सुखनंदन पटेल की टीम ने जांच शुरू की। शुरुआती सुरागों से ही अंदरूनी व्यक्ति की भूमिका का शक गहरा गया। इसी बीच मीर रिजवान ने बताया कि धीरज ने घटना के अगले दिन उसे एक थैला रखने दिया था। उसी आधार पर पुलिस ने उसके पास से चोरी का सारा सोना-चांदी और गहने बरामद किए, जिनकी कीमत 42 लाख रुपये से अधिक आंकी गई।

        मुख्य आरोपी धीरज घटना के बाद से फरार था। सूचना मिली कि वह वृंदावन से बस में रायगढ़ आ रहा है, जिस पर उर्दना मार्ग पर नाकेबंदी कर बस रोकी गई और आरोपी को पकड़ लिया गया। पूछताछ में धीरज ने अनूप अग्रवाल के परिवार से जान-पहचान का फायदा उठाकर चोरी करना स्वीकार किया। उसने बताया कि सीसीटीवी सिस्टम निकालकर पंचधारी डेम में फेंक दिया था, जबकि नकदी से पुराने कर्ज चुकाए और सोना-चांदी मीर रिजवान को दे दिया था। गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने उसके पास से स्कूटी एक्टिवा (कीमत 60,000), इलेक्ट्रिक स्कूटी (कीमत 50,000) और एक वनप्लस मोबाइल (कीमत 20,000) भी जब्त किए। मीर रिजवान को चोरी की संपत्ति की जानकारी होते हुए छिपाने का प्रयास करने पर सह-आरोपी बनाया गया और साक्ष्य अनुरूप प्रकरण में धारा 238, 3(5) बीएनएस  विस्तारित कर दोनों  आरोपियों को रिमांड पर भेज दिया गया।

      इस कार्रवाई में पुलिस अधीक्षक दिव्यांग पटेल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आकाश मरकाम, नगर पुलिस अधीक्षक मयंक मिश्रा, डीएसपी साइबर सेल अनिल विश्वकर्मा के मार्गदर्शन में टीआई सुखनंदन पटेल, एसआई ऐनु देवांगन, एएसआई कोसो सिंह जगत, आरक्षक मनोज पटनायक, कमलेश यादव और रोशन एक्का की महत्वपूर्ण भूमिका एवं साइबर सेल की टीम का विशेष योगदान रहा ।

  गिरफ्तार आरोपी
1. धीरज शर्मा पिता स्व. रेवतीरमन शर्मा, 28 वर्ष, निवासी गोकुलधाम कॉलोनी, रायगढ़
2. मीर रिजवान अली पिता मीर गजनफर अली, 36 वर्ष, निवासी रियापारा, रायगढ़

      अब तक बरामद संपत्ति
• 4 सोने के बिस्किट, 3 चांदी के सिल्ली, 3 सोने की अंगूठियां (कीमत 42 लाख रुपये)
• स्कूटी एक्टिवा CG 13 AK 5961 (कीमत 60,000 रुपये)
• इलेक्ट्रिक स्कूटी CG 13 AS 9893 (कीमत 50,000 रुपये)
• वनप्लस मोबाइल (कीमत 20,000 रुपये)
*कुल कीमत लगभग 43.30 लाख रुपये

जूटमिल पुलिस की झगड़ालू युवकों पर कार्रवाई जारी, अशांति फैलाने वाले 4 और युवकों पर प्रतिबंधात्मक कार्यवाही कर भेजा जेल

रायगढ़, 12 अगस्त 2025 ।  जूटमिल पुलिस ने क्षेत्र में झगड़ा और विवाद फैलाने वालों पर कड़ी कार्रवाई जारी रखते हुए चार बदमाश प्रवृत्ति के युवकों को गिरफ्तार कर जेल भेजा है। थाना प्रभारी निरीक्षक प्रशांत राव को इन युवकों की शिकायतें लगातार मिल रही थीं, जिसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सभी को धारा 170/126, 135(3) बीएनएसएस के तहत गिरफ्तार किया। विदित हो कि कल जूटमिल पुलिस ने सक्रिय असामाजिक तत्वों पर कार्रवाई कर पांच युवकों पर धारा 170/126, 135(3) बीएनएसएस की कार्रवाई कर जेल भेजा गया था ।
            पहला मामला कोड़ातराई निवासी परमानंद निषाद (28 वर्ष) से जुड़ा है, जिसके पिता और दादा ने पुलिस को शिकायत दी थी कि परमानंद आए दिन शराब पीकर मोहल्ले और घर में गाली-गलौज करता है। 10 अगस्त को उसने परिवार के साथ विवाद के दौरान फावड़ा उठा लिया और मारपीट की कोशिश की। पुलिसकर्मियों ने उसे समझाने का प्रयास किया, लेकिन अभद्र व्यवहार जारी रखने पर उसे हिरासत में लेकर थाने लाया गया।
              दूसरा मामला अमलीभौना इंदिरा आवास क्षेत्र का है, जहां मारपीट के एक मामले में जमानत के बाद अनावेदक लल्ला उर्फ विराट चौहान (20 वर्ष), संजय चौहान (22 वर्ष) और सोनू राजपूत (20 वर्ष) ने शिकायतकर्ता रवि चौहान और उसके भाइयों को देख लेने और मारपीट की धमकी दी। सूचना मिलने पर जूटमिल पुलिस मौके पर पहुंची और समझाइश देने की कोशिश की, लेकिन तीनों के न मानने पर उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया गया।

   गिरफ्तार अनावेदकों में
1. परमानंद निषाद पिता कार्तिकराम निषाद, 28 वर्ष, निवासी कोड़ातराई
2. लल्ला उर्फ विराट चौहान पिता लखन लाल चौहान, 20 वर्ष
3. संजय चौहान पिता लखन लाल चौहान, 22 वर्ष
4. सोनू राजपूत पिता शिव सिंह राजपूत, 20 वर्ष – सभी निवासी अमलीभौना इंदिरा आवास क्षेत्र, जूटमिल रायगढ़
           सभी को एसडीएम न्यायालय में पेश कर जेल भेजा गया। इस कार्रवाई में निरीक्षक प्रशांत राव, एएसआई भागीरथी चौधरी, प्रधान आरक्षक रामनाथ बनर्जी और हमराह स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

कोतरारोड़ पुलिस ने सुनसान रास्ते पर लूट करने वाले चार बदमाशों को पकड़ा, मोबाइल और बाइक बरामद

रायगढ़, 12 अगस्त 2025 ।  कोतरारोड़ पुलिस ने सुनसान मार्ग पर राहगीरों से लूटपाट करने वाले चार बदमाशों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपियों से लूटा गया रेडमी 5जी टच स्क्रीन मोबाइल और वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी बरामद की है।

         घटना 11 अगस्त की रात की है, जब ग्राम नावापारा निवासी सुंदर दास महंत (50 वर्ष) अपने साथी स्वलाल महंत के साथ ग्राम सपोस दशकर्म में शामिल होकर मोटरसाइकिल से लौट रहे थे। रात करीब 10 से 11 बजे के बीच ग्राम लिटाईपाली नाला पुल के पास अंधेरे में छिपे कुछ युवकों ने उनका रास्ता रोक लिया और गाली-गलौज, हाथ-मुक्कों व डंडों से हमला कर लूटपाट की। बदमाशों ने सुंदर दास का मोबाइल छीन लिया और मौके से भाग निकले।

          सुबह पीड़ित ने थाना कोतरारोड़ पहुंचकर घटना की जानकारी थाना प्रभारी निरीक्षक मोहन भारद्वाज को दी। उन्होंने अपराध क्रमांक 331/2025 धारा 119, 126, 309, 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया और टीम को आरोपियों की धरपकड़ के लिए रवाना किया। पूछताछ में पीड़ित ने एक आरोपी की पहचान कृष्णा भारद्वाज के रूप में की। पुलिस ने उसे घर से पकड़ लिया, जहां उसने अपने साथियों विजय भारद्वाज, प्रदीप टंडन और विरू सिदार के साथ वारदात में शामिल होने की बात स्वीकार की।

        आरोपियों ने बताया कि वे ग्राम लिटाईपाली के नाला पुल को अपना अड्डा बनाकर रात के समय राहगीरों को रोकते, पैसे की मांग करते और विरोध करने पर डराते-धमकाते थे। पुलिस ने कृष्णा भारद्वाज के मेमोरेंडम पर लूटा गया रेडमी 5जी टच स्क्रीन मोबाइल और घटना में प्रयुक्त डिलक्स मोटरसाइकिल (क्रमांक CG 13 M 0619) बरामद कर जब्त की।

गिरफ्तार आरोपी

1. कृष्णा भारद्वाज पिता प्यारेलाल भारद्वाज, 19 वर्ष, ग्राम लिटाईपाली, थाना कोतरारोड़
2. विजय भारद्वाज पिता प्रेमलाल भारद्वाज, 22 वर्ष, ग्राम लिटाईपाली, थाना कोतरारोड़
3. प्रदीप टंडन पिता रामचंद्र टंडन, 20 वर्ष, ग्राम भेड़वन, थाना सारंगढ़, वर्तमान पता भगनडीपा किराया मकान, थाना जूटमिल
4. विरू सिदार पिता जगदीश प्रसाद सिदार, 23 वर्ष, ग्राम लिटाईपाली, थाना कोतरारोड़

        सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी मोहन भारद्वाज, प्रधान आरक्षक करुणेश कुमार राय, आरक्षक संदीप कौशिक और शंभू चौहान की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

तिरंगे के रंग में रंगा रायगढ़, रामचंद्र के साथ ढाई हजार लोगों ने लहराया तिरंगा

तिरंगा यात्रा को रायगढ़ कलेक्टर ने दिखाया झंडा, जनप्रतिनिधि और सामाजिक संगठन हुए शामिल

रायगढ़ । 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस से पहले रायगढ़ शहर पूरी तरह देशभक्ति के भाव में सराबोर हो गया। यह अवसर था संस्कार पब्लिक स्कूल , विप्र फाउंडेशन और नव निर्माण संकल्प समिति के संयुक्त तत्वाधान में निकाले गए तिरंगा यात्रा का। मंगलवार को सुबह 10:00 बजे नटवर स्कूल से, रायगढ़ के प्रसिद्ध शिक्षाविद समाजसेवी रामचंद्र शर्मा के नेतृत्व में ऐतिहासिक तिरंगा यात्रा निकाली गई। तिरंगा यात्रा को रायगढ़ के कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी ने झंडा दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर रायगढ़ कलेक्टर ने तिरंगा यात्रा की सराहना करते हुए लोगों को देश प्रेम और तिरंगा के प्रति जागरूक होने की अपील की है।

मंगलवार को तिरंगा यात्रा के दौरान पूरा रायगढ़ तिरंगे के रंग में रंग गया। रायगढ़ में आयोजित होने वाले यह तिरंगा यात्रा अपने आप में ही ऐतिहासिक है क्योंकि रायगढ़ ही नहीं पूरे छत्तीसगढ़ में इस तरह दूसरी तिरंगा यात्रा शायद ही निकलती हो जिसमें हजारों लोग एक साथ तिरंगा उठाकर चलते हैं। देश के जवान और वीर शहीदों के सम्मान में निकाले गए 150 मीटर लम्बे तिरंगे को कार्यक्रम संयोजक रामचंद्र शर्मा के साथ लगभग ढाई हजार लोगों ने शहर के गलियों में लहराया। इस अवसर पर शहर के लोगों ने हिंदू ,मुस्लिम, सिख ,इसाई सर्वधर्म समान और एकता का संदेश  दिया। सभी समुदाय के लोगों ने लगभग 3 घंटे तिरंगा उठाकर पदयात्रा की है। यात्रा के दौरान प्रमुख रूप से संस्कार पब्लिक स्कूल के प्रिंसिपल श्रीमती रश्मि शर्मा, नवनिर्माण संकल्प समिति के कोषाध्यक्ष सी पी देवांगन, सचिव दीपक मंडल सहित सभी समाज के नामचीन लोग शामिल थे जिसमेपत्रकार ,व्यापारी ,राजनेता ,समाजसेवी आदि शामिल थे

व्यापारियों ने लगाई स्टॉल
रायगढ़ शहर को दानदाताओं का शहर यूं ही नहीं कहा जाता। तिरंगा यात्रा के दौरान शहर के गाड़ी चौक सुभाष चौक स्टेशन चौक तथा नेटवर्क स्कूल में रैली में शामिल हुए छात्र और नागरिकों के लिए अलग-अलग स्टॉल लगाकर चॉकलेट आइसक्रीम कोल्ड ड्रिंक तथा कोल्ड ड्रिंक का वितरण किया गया इसमें प्रमुख रूप से स्टेशन चौक में रमेश किराना, सुभाष चौक में आलोक ड्रेसस, दिव्यशक्ति क्लब की कविता बेरीवाल एवं टीम , विप्र फाउंडेशन के महामंत्री राजेश शर्मा एवं टीम , गोपाल अग्रवाल और टीम आदि थे

सामाजिक संगठनों ने निभाई सहभागिता
तिरंगा यात्रा को लेकर पूरे शहर में उत्साह का वातावरण था स्वतंत्रता दिवस की पूर्व में ही शहर में देशभक्ति का वातावरण निर्मित हो गया शहर के कई सामाजिक संगठनों ने इस तिरंगा यात्रा में अपनी सहभागिता निभाई है।

प्रतिष्ठान और घरों से निकले लोग
नटवर स्कूल से शुरू हुए तिरंगा यात्रा को शहर के लोगों ने अपने प्रतिष्ठान और घरों से निकलकर समर्थन दिया है। यात्रा जैसे-जैसे आगे बढ़ रही थी लोग अपने घर और प्रतिष्ठानों से बाहर आकर यात्रा को तिरंगा दिखाकर अपना समर्थन दे रहे थे। रायगढ़ शहर में आयोजित इस तिरंगा यात्रा से पूरे शहर में देश प्रेम को लेकर एक सकारात्मक संदेश गया है।

सांस्कृतिक कार्यक्रमों का हुआ आयोजन
रायगढ़ के प्रसिद्ध शैक्षणिक संस्थानों में से एक संस्कार पब्लिक स्कूल के छात्रों ने तिरंगा यात्रा के दौरान सत्ती गुड़ी चौक, हंडी चौक, गौरीशंकर मंदिर रोड तथा गांधी प्रतिमा और स्टेशन चौक पर देशभक्ति पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी उनके साथ दर्शक जनप्रतिनिधि और शिक्षक गण भी झूम उठे।

यशस्वी 4.0″ में 5,000 से अधिक महिलाओं को शिक्षा व कौशल विकास में सहयोग करेगा जिन्दल फाउंडेशन

छत्तीसगढ़, ओडिशा और झारखंड की 16 से 30 वर्ष की आर्थिक रूप से कमजोर महिलाओं को मिलेगा लाभ, आवेदन की अंतिम तिथि 16 अगस्त 2025

रायगढ़ । जिन्दल स्टील की सामाजिक इकाई जिन्दल फाउंडेशन ने अपनी प्रमुख योजना “यशस्वी” के चौथे संस्करण की शुरुआत की है। इस योजना के अंतर्गत ओडिशा, झारखंड और छत्तीसगढ़ की 5,000 से अधिक महिलाओं और युवतियों को उच्च शिक्षा और कौशल प्रशिक्षण के लिए आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी।
“यशस्वी” योजना के चौथे संस्करण की घोषणा करते हुए जिन्दल फाउंडेशन की चेयरपर्सन श्रीमती शालू जिन्दल ने कहा “हम मानते हैं कि सशक्त महिलाएं किसी भी प्रगतिशील समाज की रीढ़ की हड्डी होती हैं। ‘यशस्वी’ कार्यक्रम के माध्यम से हम उन महिलाओं और युवतियों को प्रोत्साहित कर रहे हैं जो अपने एक बड़े सपने को साकार करने के लिए दृढ़संकल्पित हैं।
ये महिलाएं और युवतियां शिक्षा और कौशल विकास के माध्यम से न केवल अपने जीवन को बदल सकती हैं, बल्कि समाज में भी बदलाव की अग्रदूत बन सकती हैं। हमें गर्व है कि यह पहल अब तक 11,000 से अधिक महिलाओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव ला चुकी है। इस वर्ष हम और अधिक महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में कार्य करेंगे।”
यशस्वी योजना के तहत छत्तीसगढ़ के साथ ही ओडिशा और झारखंड की 5,000 से अधिक लाभार्थी महिलाओं को सीधा लाभ मिलेगा। इसमें लाभार्थियों की आयु सीमा 16 से 30 वर्ष एवं पारिवारिक आय 2 लाख रूपये से कम रखी गयी है। योजना के तहत एडमिशन फीस, ट्यूशन फीस, परीक्षा शुल्क एवं अन्य आवश्यक खर्च शामिल होंगे। इसमें लाभार्थियों का चयन शैक्षणिक योग्यता, आर्थिक स्थिति, मान्यता प्राप्त संस्थानों में प्रवेश का प्रमाण आदि के आधार पर किया जाएगा। इसमें आवेदन की अंतिम तिथि 16 अगस्त 2025 रखी गयी है। इसके लिए आवेदन जिंदल फाउंडेशन की वेबसाइट  के माध्यम से किया जा सकता है। गौरतलब है कि साल 2022 में शुरू हुए यशस्वी कार्यक्रम के माध्यम से जिन्दल फाउंडेशन अब तक 11,000 से अधिक महिलाओं और युवतियों को शिक्षा और कौशल विकास में सहायता प्रदान कर चुका है। इनमें से लगभग 8,000 महिलाएं आज रोजगार, स्वरोजगार या उद्यमिता के जरिए आत्मनिर्भर बन चुकी हैं।

रायगढ़ में छत्तीसगढ़ चैंबर ऑफ कॉमर्स की स्वदेशी जागरूकता रैली, विदेशी आयात का विरोध

रायगढ़ । छत्तीसगढ़ चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के तत्वाधान में रायगढ़ में आज एक विशाल जागरूकता रैली का आयोजन किया गया, जिसमें स्वदेशी वस्तुओं के उपयोग को बढ़ावा देने और विदेशी आयातित वस्तुओं के बहिष्कार की अपील की गई। रैली में चैंबर की सभी इकाइयों के साथ-साथ प्रमुख व्यापारी और सामाजिक कार्यकर्ता शामिल हुए।

रैली का मुख्य उद्देश्य अमेरिका द्वारा लगाए गए टैरिफ के कारण भारत को हो रहे आर्थिक नुकसान के प्रति स्थानीय व्यापारियों और उपभोक्ताओं को जागरूक करना था। यह टैरिफ देश के विकास में बाधक बन रहा है। रैली संजय कॉम्प्लेक्स से शुरू होकर शहर के मुख्य मार्गों से गुजरती हुई स्टेशन चौक पर समाप्त हुई।

रैली में गोपी सिंह ठाकुर,भरत वलेचा,अभिलाष कछवाहा,मनीष उदासी, शक्ति अग्रवाल, मनोज बेरीवाल,  अमित पोपट, चंद्रकांत पंजाबी, जुबेर रंगरेज, विजय छावड़ा, नीरज परिहार, अनिल कटिहार, सुनील सोनी, अभय अग्रवाल, बाबा खान, राकेश इंदौलिया, प्रकाश चौहान, नरेश परिहर, ईश्वर चौहान, विनय अग्रवाल, हनुमान अग्रवाल, मनोहर छाबड़ा, केशव तालरेजा, राजा राम देवांगन, सुल्तान खान, मुकेश गोयल, वारिस खान, जमाल खान, सतीश अग्रवाल, पोशाक जहीर खान, आसिफ रंगरेज, अनुल खान, विजय अग्रवाल, मनोज अग्रवाल रंगोली, अरविंद खनूजा, शारदा सिंह राजपूत और डोलनारायण देवांगन दिलीप अग्रवाल मोनू जैसे प्रमुख व्यक्तियों ने हिस्सा लिया।

रैली के दौरान पैंपलेट बांटे गए, जिनमें व्यापारियों से अपनी दुकानों में स्वदेशी उत्पादों को प्राथमिकता देने और उपभोक्ताओं से भारतीय वस्तुओं को खरीदने की अपील की गई। चैंबर के एक पदाधिकारी ने कहा, “स्वदेशी वस्तुओं को अपनाकर हम अपनी अर्थव्यवस्था को मजबूत कर सकते हैं और विदेशी टैरिफ के दुष्प्रभाव को कम कर सकते हैं।”

इस रैली ने रायगढ़ के व्यापारियों और नागरिकों में स्वदेशी अपनाने के प्रति उत्साह जगाया। चैंबर के प्रतिनिधियों ने इसे आत्मनिर्भर भारत की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया। रैली को लेकर स्थानीय लोगों से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली, और स्वदेशी उत्पादों के प्रति जागरूकता बढ़ाने में यह आयोजन सफल रहा।

C:G में झोलाछाप डॉक्टरों का साम्राज्य, स्वास्थ्य विभाग की चुप्पी से सवालों के घेरे में जिम्मेदार अधिकारी कहीं मिलीभगत तो नहीं?

रायगढ़ ।  जिला मुख्यालय रायगढ़ में स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर बड़ा सवाल खड़ा हो गया है। एक ओर सरकारें करोड़ों रुपये खर्च कर आम जनता को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं देने की बात करती हैं, वहीं दूसरी ओर जमीनी हकीकत इससे एकदम उलट नज़र आती है। जिले में झोलाछाप डॉक्टरों का गोरखधंधा खुलेआम फल-फूल रहा है, और सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि स्वास्थ्य विभाग और ड्रग कंट्रोल प्रशासन पूरी तरह मूकदर्शक बना हुआ है।

शहर के कई इलाकों में बिना किसी डॉक्टरी डिग्री, रजिस्ट्रेशन या लाइसेंस के कुछ लोग वर्षों से क्लीनिक चला रहे हैं। इलाज के नाम पर झोलाछाप डॉक्टर न केवल बीमारियों का गलत इलाज कर रहे हैं, बल्कि मरीजों की जान के साथ खुला खिलवाड़ भी कर रहे हैं। ये डॉक्टर फर्जी प्रिस्क्रिप्शन, अपने मन की दवाएं और ड्रिप चढ़ा कर इलाज देकर मासूम लोगों को मौत के मुंह में धकेल रहे हैं — और जिम्मेदार अधिकारी इस सब पर खामोश हैं।
अधिकारी बोले थे, “अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा” — फिर चुप क्यों हैं?

जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अनिल जगत ने कुछ ही समय पहले मीडिया को दिए बयान में सख्त लहजे में कहा था कि “मेरे रहते जिले में झोलाछाप डॉक्टर नहीं चलेंगे, मैं कार्रवाई करूंगा”, लेकिन जमीनी हकीकत यह है कि न तो किसी क्लीनिक पर अब तक छापा पड़ा , न ही किसी को नोटिस जारी किया गया और न ही एक भी फर्जी क्लीनिक सील किया गया।

अब सवाल ये उठता है कि क्या वो बयान केवल मीडिया की सुर्खियों के लिए था? या फिर कोई ऐसी अंदरूनी “समझ” है जो कार्रवाई की राह में दीवार बनी हुई है?

ड्रग इंस्पेक्टर की भी भूमिका संदिग्ध

स्वास्थ्य विभाग के साथ-साथ ड्रग इंस्पेक्टर की भूमिका पर भी सवाल उठने लगे हैं। जिले में फर्जी क्लीनिक तक बिना लाइसेंस और वैधता के दवाइयों की बिक्री हो रही है। झोलाछाप डॉक्टर खुद को MBBS या BAMS बताकर न केवल मरीजों का इलाज कर रहे हैं, बल्कि खुलेआम इंजेक्शन, एंटीबायोटिक्स और स्टेरॉइड्स का गलत इस्तेमाल कर रहे हैं — ये सब बिना किसी डर के हो रहा है।

जिले में इतने व्यापक स्तर पर यह सब चल रहा है, फिर भी ड्रग विभाग की निष्क्रियता क्या इत्तेफाक है? या फिर जिम्मेदारों की मौन सहमति इस अवैध कारोबार को परोक्ष रूप से समर्थन दे रही है?

क्या कार्रवाई से पहले किसी की जान जाना ज़रूरी है?

स्वास्थ्य विभाग की चुप्पी और झोलाछाप डॉक्टरों की बेलगाम हरकतों के बीच सबसे बड़ा नुकसान आम जनता का हो रहा है। हर दिन सैकड़ों लोग इन फर्जी डॉक्टरों के चंगुल में फंसते हैं, जिनका न तो इलाज सही होता है, न ही जीवन की गारंटी। ये सिर्फ कानून का उल्लंघन नहीं, बल्कि इंसानियत के खिलाफ अपराध है।

सरकारें और प्रशासनिक अधिकारी तभी हरकत में आते हैं जब कोई बड़ा हादसा हो जाए, लेकिन क्या कार्रवाई का इंतज़ार अब किसी की मौत के आंकड़ों पर टिका है?

जनता चाहती है जवाब, और सख्त कार्रवाई

अब समय आ गया है कि स्वास्थ्य विभाग को अपनी नींद से जागना होगा। जनता यह जानना चाहती है कि आखिर क्यों झोलाछाप डॉक्टरों पर कार्रवाई नहीं हो रही? क्या किसी स्तर पर सांठगांठ के तहत इन फर्जी डॉक्टरों को संरक्षण दिया जा रहा है?

जनहित में मांग की जा रही है कि जिले में तत्काल जांच अभियान चलाकर सभी अवैध क्लीनिकों को सील किया जाए, दोषी डॉक्टरों पर कानूनी कार्यवाही की जाए, और जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाए।

वरना एक दिन यह चुप्पी एक बड़े जनआक्रोश में बदल सकती है।

तत्काल गिरफ्तार हों अडानी कंपनी के गुर्गे और जिम्मेदार अधिकारी: प्रेस क्लब रायगढ़ प्रेस क्लब ने किया अडानी कंपनी का बहिष्कार एसपी से मिला प्रेस क्लब, उचित कार्रवाई का एसपी ने दिया आश्वासन

रायगढ़ 08/08/2025। अडानी कंपनी और रायगढ़ के पत्रकार अब आमने-सामने हैं। कंपनी के मनमानी रवैया और उनकी गुंडागर्दी के खिलाफ शुक्रवार को पत्रकारों ने पुलिस अधीक्षक से मुलाकात की।  पत्रकारों से बदसुलूकी करने और उन्हें जान से मारने की धमकी देने वाले अडानी के गुर्गों और उनके जिम्मेदार अधिकारियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार करने की मांग की गई। इस पर पुलिस अधीक्षक ने शीघ्र उचित कार्रवाई करने का आश्वासन दिया तब जाकर पत्रकार लौटे। वहीं पत्रकारों ने यह भी निर्णय लिया कि अब से अडानी कंपनी का रायगढ़ के स्थानीय पत्रकार बहिष्कार करेंगे।

शुक्रवार शाम को प्रेस क्लब अध्यक्ष हेमंत थवाईत की अगुवाई में 80 से अधिक पत्रकार पुलिस अधीक्षक दिव्यांग पटेल से मिलने पहुंचे। जहां उन्होंने एसपी को बताया कि 6 अगस्त बुधवार को कलेक्ट्रेट परिसर में महाजेनको कंपनी का पोस्टर लिए कुछ ग्रामीण गारे पेलमा में खदान शुरू करने के समर्थन में रायगढ़ कलेक्टर से मिलने आए थे। कलेक्टर से चर्चा उपरांत जब वे मीडिया से बातचीत कर रहे थे इसी दौरान कुछ पत्रकार साथियों ने उनसे उनके विस्थापन के बारे में पूछा तो वे जवाब नहीं दे पाए। तभी उनके साथ वहां मौजूद कुछ दलालनुमा लोग जो खुद को अदानी कंपनी का कर्मचारी बता रहे थे उन्होंने पत्रकारों के साथ बदतमीजी शुरू की। धैर्य रखते हुए पत्रकारों ने जब उनसे विस्थापन, फर्जी ग्रामसभा कर अनुमति के आरोप पर सवाल पूछा कि वह किस प्रयोजन से आए हैं तो उन्होंने पत्रकारों को गुंडा कहा और पत्रकारों को जान से मारने की धमकी तक दे डाली। इस पूरे वारदात की वीडियो रिकॉर्डिंग मौजूद है। मौके पर मौजूद पुलिस बल के द्वारा मामले को शांत कराया गया हम पत्रकार लौट ही रहे थे कि फिर अदानी कंपनी के गुर्गों ने पत्रकारों को धमकी दी।  जिसके बाद पत्रकारों ने इसकी लिखित शिकायत चक्रधर नगर थाने में की है। शिकायत के बाद भी अदानी कंपनी के गुर्गों द्वारा पत्रकारों को फोन करके राजीनामा और विभिन्न प्रकार के दबाव बना रहे हैं।
पत्रकारों ने एसपी से अनुरोध किया कि ग्रामीणों के भेष में आए अदानी कंपनी के एजेंट और कंपनी के जिम्मेदार अधिकारी जो ग्रामीणों को भड़का कर पत्रकारों के विरुद्ध उकसा रहे थे, उनकी शिनाख्ती करते हुए तत्काल गिरफ्तारी करें व कड़ी से कड़ी कार्रवाई करें। साथ ही पत्रकारों की सुरक्षा के लिए भी आवश्यक कदम उठाए जाने की बात कही।

एसपी पटेल ने इत्मीनान से सभी की बातों को सुना और यथाशीघ्र उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया।

पत्रकारों ने किया अडानी कंपनी का बहिष्कार

एसपी कार्यालय के बाहर सभी पत्रकारों ने एकमत यह निर्णय लिया कि अब से सभी स्थानीय पत्रकार अडानी कंपनी का बहिष्कार करेंगे। सभी अडानी कंपनी द्वारा दिए जाने वाले विज्ञापनों का बहिष्कार करेंगे और उनकी किसी भी खबर को अपने मीडिया में स्थान नहीं देंगे। पत्रकारों में इस बात का भी रोष है कि घटना के तीन दिन बीत जाने के बाद भी अडानी कंपनी के गुर्गों के हौसले मस्त है और अडानी प्रबंधन घमंड में चूर है।
रायगढ़ प्रेस क्लब अध्यक्ष हेमंत थवाईत ने कहा कि अडानी कंपनी के गुर्गे और स्थानीय प्रबंधन पर जब तक कार्रवाई नहीं होती रायगढ़ के स्थानीय पत्रकार और रायगढ़ प्रेस क्लब उनका बहिष्कार करेगा।

कलेक्टर एसपी से मिले तमनार के ग्रामीण

घटना के दूसरे दिन भी तमनार के 9 गांव के प्रतिनिधि शुक्रवार को जिला मुख्यालय पहुंचे और पहले कलेक्टर और फिर पुलिस अधीक्षक से मुलाकात की। ग्रामीणों से उन्हें यह बताया कि जिस ग्राम सभा के आधार पर अदानी कंपनी गारे पेलमा में खदान खोलने के लिए जंगलों को काट रही है वह सभा पूरी तरह से फर्जी है। ग्रामीणों के साथ वे लोग भी आए हुए लोग भी थे जिनके नाम से फर्जी ग्राम सभा हुई थी और उन्होंने एक शपथ पत्र भी साथ लाया था जिसमें लिखा था कि उनके नाम से कूटरचित दस्तावेज बनाकर ग्राम सभा की गई जिसे तुरंत निरस्त किया जाए। ग्रामीणों ने आगे यह भी बताया कि 6 अगस्त को कलेक्टर कार्यालय के बाहर जो लोग पत्रकारों से उलझ रहे थे उन्हें गुंडा कहा और जान से मारने की धमकी दे रहे थे वे हमारे किसी के गांव से नहीं है। ये सभी अडानी कंपनी के दलाल और गुंडे है जो ग्रामीणों की आड़ में पूरे गांवों को बदनाम कर रहे हैं। किसी का घर उजड़ रहा है तो किसी का खेत और कोई कैसे इसे उजड़ने देगा। जो समर्थन में आए थे हमारा मजाक बना रहे हैं। कलेक्टर और एसपी के आश्वास के बाद ग्रामीण लौट गए।


एसपी को ज्ञापन सौंपने के दौरान ये रहे मौजूद

प्रेस क्लब की ओर से पुलिस अधीक्षक से मिलने और ज्ञापन सौंपने में सचिव नवीन शर्मा समेत अनिल पाण्डेय, नरेश शर्मा, दिनेश मिश्रा, अनिल रतेरिया, युवराज सिंह आजाद, सुनील नामदेव, राजेश जैन, विवेक श्रीवास्तव, आलोक पाण्डेय, शेषचरण गुप्ता, हरेराम तिवारी, संजय बोहिदार, अनिल आहूजा, पुनीराम रजक, महादेव पणिहारी, हरिशंकर गौराहा, विनय पाण्डेय, मोहसिन खान, शमशाद अहमद, अभिषेक उपाध्याय, अविनाश पाठक, अमित पाण्डेय, अखिलेश पुरोहित, अमित गुप्ता, अमित शर्मा, अरूण डनसेना, अर्चना लाल, अश्विनी मालाकार, बाबा पटवा, चितरंजन सिंह, विकास पाण्डेय, गौतम अग्रवाल,  कृष्णा मिश्रा, महेश शर्मा, मंजूल दीक्षित, नंदकुमार पटेल, नवरतन शर्मा, नितिन सिन्हा, आशीष शर्मा, भूपेंद्र सिंह ठाकुर, भूपेंद्र सिंह चौहान, हेमसागर श्रीवास, जितेंद्र मेहर, ज्योति ठाकुर, मनीष सिंह, नरेंद्र चौबे, मनीष अग्रवाल, नीरज तिवारी,पंकज तिवारी, प्रकाश थवाईत, प्रशांत तिवारी, राजा खान, रमेश अग्रवाल, संतोष पुरुषवानी, दीपक शोभवानी, साकेत पाण्डेय, संदीप बेरीवाल, संतोष साव, संतोष मेहर, संजय सहनी, सत्यजीत घोष, सुरजीत कौर, सुशील पाण्डेय, सिमरन पनगरे, सुरेंद्र चौहान, विजय मौर्या, विजयंत खेडुलकर, विपिन मिश्रा, यशवंत खेडुलकर, परमेश्वर साहू, प्रेम मौर्या, भीमसेन तिवारी, चूढामणि साहू, संदीप सिंह, संजय शर्मा, अनूप रतेरिया, संजय बेरीवाल, शेख ताजिम, श्रीपाल यादव, स्वतंत्र महंत, टिंकू देवांगन, उपेंद्र डनसेना, विकास जायसवाल, विपिन सवानी, विपिन राय, प्रवीण त्रिपाठी, रिवेश पोडवार, जीतू सोनी, अमर गुप्ता, हीरा मोटवानी, दुर्गा यादव , कैलाश आचार्य, शैलेन्द्र साहू समेत कई पत्रकार मौजूद थे।