रायगढ़ । सड़क सुरक्षा माह अभियान के अंतर्गत अदाणी पावर लिमिटेड, रायगढ़ ने ग्राम चिखली (सारंगढ़ नेशनल हाईवे) में एक विशेष कार्यक्रम आयोजित कर 106 से अधिक दोपहिया वाहन चालकों को निःशुल्क हेलमेट वितरित किए। इस पहल का उद्देश्य सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना और नागरिकों को सुरक्षित ड्राइविंग के महत्व से जोड़ना था।
कार्यक्रम के दौरान बिना हेलमेट वाहन चला रहे चालकों को पुलिस ने रोका और उन्हें यातायात नियमों तथा जीवन सुरक्षा के लिए हेलमेट पहनने की अनिवार्यता समझाई। इसके बाद अदाणी पावर रायगढ़ की ओर से उन्हें हेलमेट प्रदान किए गए। इस जिम्मेदार कदम ने न केवल चालकों को सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराया बल्कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने की दिशा में ठोस योगदान भी दिया।
इस आयोजन का शुभारंभ अति. पुलिस अधीक्षक श्री अनिल सोनी और डीएसपी (ट्रैफिक) श्री उत्तम प्रताप सिंह ने किया। अदाणी पावर रायगढ़ की ओर से चीफ बिज़नेस ऑफिसर श्री शशधर दास और प्रोजेक्ट हेड श्री अजीत राय उपस्थित रहे। कार्यक्रम के सफल संचालन में CSR, मानव संसाधन, सिक्योरिटी और कॉर्पोरेट कम्युनिकेशन विभाग की टीमों का सहयोग उल्लेखनीय रहा, जबकि संपूर्ण संचालन पुसौर थाना प्रभारी श्री राम किंकर यादव ने किया।
अदाणी पावर रायगढ़ की यह पहल कंपनी की सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) प्रतिबद्धता का हिस्सा है। स्थानीय समुदाय ने इस कार्यक्रम का स्वागत करते हुए इसे जनहित में जीवन बचाने की जिम्मेदार पहल बताया।
रायपुर ।हीरा ग्रुप रायपुर द्वारा आयोजित सुरेश अग्रवाल मेमोरियल कप 2025–26 का भव्य समापन रामबाग, वहीआईपी रोड स्थित मैदान में एक रोमांचक फाइनल मुकाबले के साथ संपन्न हुआ। इस प्रतिष्ठित कॉर्पोरेट क्रिकेट टूर्नामेंट में प्रदेश की कुल 24 कॉर्पोरेट टीमों ने भाग लिया।
फाइनल मुकाबले में एमएसपी स्टील और हीरा ग्रुप की टीम आमने-सामने रही। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए एमएसपी स्टील की टीम ने 20 ओवर में 142 रन का लक्ष्य निर्धारित किया। लक्ष्य का पीछा करते हुए हीरा ग्रुप की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 19 ओवर में 8 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया और टूर्नामेंट की विजेता बनी। एमएसपी स्टील की टीम उपविजेता रही।
इस टूर्नामेंट में एमएसपी रायगढ़ टीम के कुल 15 खिलाड़ियों का चयन किया गया था। टीम का गठन एमएसपी स्टील के मैनेजिंग डायरेक्टर श्री साकेत अग्रवाल एवं कंपनी के सीईओ श्री बी.के. सिंह के निर्देशानुसार किया गया था।
टूर्नामेंट के दौरान एमएसपी स्टील टीम ने कुल 8 मैच खेले, जिनमें से 6 मैचों में जीत दर्ज की, जबकि 2 मैचों में करीबी हार का सामना करना पड़ा। टीम के समग्र प्रदर्शन ने दर्शकों और आयोजकों दोनों को प्रभावित किया।
व्यक्तिगत उपलब्धियां (एमएसपी स्टील): सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज: सूरज पटेल सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज: महेश प्रधान मैन ऑफ द सीरीज: कमलेश साहू
टीम संरचना (एमएसपी स्टील): टीम कैप्टन – तिलेश रमन मैनेजर – नरेश प्रधान कोच – प्रसाद आचार्य
मुख्य खिलाड़ी – समीर प्रधान, विवेक प्रधान, प्रिंस मंडल, सचिन बेरा, महेश प्रधान, विनायक भोई, अभिजीत मोहन, बिरजू गुप्ता, कमलेश साहू एवं एमडी आहिला।
इस टूर्नामेंट ने कॉर्पोरेट क्रिकेट को एक नई पहचान दी और खेल भावना, टीम वर्क एवं प्रतिस्पर्धा के उच्च स्तर का प्रदर्शन किया। हीरा ग्रुप की जीत ने उनकी टीम की कड़ी मेहनत और समर्पण को दर्शाया, वहीं एमएसपी स्टील की उपविजेता उपलब्धि ने टीम की प्रतिभा और खेल भावना को उजागर किया।
रायगढ़ । पारंपरिक बाजारों को स्मार्ट बाज़ार बनाने के लिए कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (CAIT) ने बड़ा कदम उठाया है। CAIT के राष्ट्रीय वाइस चेयरमैन एवं भारत सरकार के राष्ट्रीय व्यापारिक कल्याण बोर्ड के सदस्य अमर पारवानी ने रायगढ़ प्रवास के दौरान रायगढ़ के ऊर्जावान जिलाधीश श्री मयंक चतुर्वेदी जी से सौजन्य भेंट करते हुए एक विस्तृत पत्र (क्र. सी.जी.कैट/00/01/2025-26) सौंपकर शहर के पुराने बाजारों के उत्थान के लिए तत्काल कार्रवाई की मांग की है।
पत्र में CAIT छत्तीसगढ़ चैप्टर ने बताया कि नगर निगम क्षेत्र के ये बाजार लघु-मध्यम व्यापारियों की आजीविका का मुख्य आधार हैं और हजारों लोगों को रोजगार प्रदान करते हैं। लेकिन जर्जर सड़कें, खराब जल निकासी, अग्निशमन सुविधाओं की कमी, अपर्याप्त सुरक्षा, खुले बिजली तार, अंधेरा और स्वच्छता की समस्या से जूझ रहे हैं। इन कारणों से उपभोक्ता तेजी से ऑनलाइन प्लेटफॉर्म्स और मॉल की ओर रुख कर रहे हैं, जिससे स्थानीय व्यापार संकट में है और सरकारी राजस्व प्रभावित हो रहा है।
श्री अमर पारवानी ने जिलाधीश से अपील की कि पारंपरिक बाजारों को मजबूत बनाने के लिए तुरंत ठोस कदम उठाए जाएं। प्रमुख सुझावों में शामिल हैं—पक्की सड़कें, मजबूत ड्रेनेज और सुव्यवस्थित यातायात-पार्किंग; अग्निशमन वाहनों के लिए सुगम रास्ते व दमकल व्यवस्था; सीसीटीवी कैमरे, बेहतर सुरक्षा, भूमिगत बिजली तार और हाइमास्क लाइट्स; पर्याप्त पुरुष-महिला शौचालय व नियमित सफाई; बढ़ती जनसंख्या के लिए नए फुटकर बाजारों की स्थापना (CAIT से परामर्श के साथ); तथा शहर के यातायात दबाव कम करने हेतु ट्रांसपोर्ट नगर—ट्रक पार्किंग, धर्मकांटा, गैरेज, वेयरहाउस, होटल-ढाबे और पेट्रोल पंप सहित।
श्री पारवानी ने कहा कि इन कदमों से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ‘लोकल फॉर वोकल’ अवधारणा साकार होगी, नगर निगम का राजस्व बढ़ेगा, नए रोजगार सृजित होंगे और रायगढ़ स्मार्ट सिटी की दिशा में मजबूत होगा। इससे प्रदेश सरकार के ‘विकसित छत्तीसगढ़’ संकल्प को भी बल मिलेगा। CAIT, जो 9 करोड़ से अधिक व्यापारियों का प्रतिनिधित्व करता है, छत्तीसगढ़ में 12 लाख व्यापारियों और 250+ संगठनों के साथ सक्रिय है।
रायगढ़ दौरे पर श्री पारवानी ने होटल साकेत में CAIT की बैठक ली, जिसमें रामनिवास मोड़ा,पवन बसंतानी ,संतोष अग्रवाल,किशोर तलरेजा,महेश जेठानी,मनीष उदासी सुनील अग्रवाल,संजय रातेरिया रवि सूखेजा ,कमलेश मोटवानी प्रमोद अग्रवाल,सत्यराम साहू हितेश बत्रासुरेश रोहड़ा भारत बलेचा, त्रिलोक आहूजा अभिषेक गुप्ता ,विजय खत्री, प्रकाश मेहनी, सुरेश तलरेजा आदि शामिल रहे। इसके बाद संत श्री कवंरराम धर्मशाला में रायगढ़ चैंबर ऑफ कॉमर्स की टीम—अध्यक्ष गोपी सिंह ठाकुर, महासचिव मनीष उदासी चंद्रकांत पंजाबी, मौबसिर हुसैन, सूर्यप्रकाश मस्ता एवं उनकी पूरी टीम के सदस्यों से मुलाकात की।
कलेक्टर से मुलाकात में बाजार सुधार पर विस्तृत चर्चा हुई, जिन्होंने फरवरी माह तक इन मुद्दों पर कार्रवाई शुरू करने का आश्वासन दिया। यह प्रयास रायगढ़ के व्यापारियों में नई उम्मीद जगाने वाला है। CAIT ने अन्य जिलों में भी ऐसे अभियान तेज करने का संकेत दिया।
बिलासपुर। पांच साल में 3-4 अलग-अलग ठेका कंपनियों ने सिरगिट्टी स्थित रेल नीर प्लांट को चलाया और करोड़ों रुपए की देनदारी बकाया करके प्लांट को बंद कर दिया। एक साल से यह प्लांट बंद है और इसकी जल संसाधन विभाग की देनदारी 13 करोड़ 67 लाख हो गई है। आईआरसीटीसी के सिरगिट्टी स्थित रेल नीर प्लांट से पांच साल में 90 करोड़ रुपए से ज्यादा का पानी बेचा जा चुका है। एक साल से बंद सिरगिट्टी के रेल नीर प्लांट को चालू कर पाना अब आईआरसीटीसी के लिए संभव नहीं हो पाएगा। क्योंकि 13 करोड़ 67 लाख रुपए की जल संसाधन विभाग की देनदारी देने के बाद प्लांट को नए सिरे से रिनुवल करना, पुराने प्लांट को रिप्लेस करना आसान नहीं है। आईआरसीटीसी एक साल में दो से तीन बाद टेंडर निकालकर इस प्लांट को फिर से ठेके पर देने की कोशिश कर चुकी है लेकिन टेंडर डालने से पहले कंपनियों ने जल संसाधन विभाग कार्यालय जाकर भुगतान का बकाया निकलवाया उसके बाद उन्होंने दोबारा उस तरफ नहीं देखा। 1 दिसंबर 2024 को प्लांट बंद कर दिया गया। 30 नवंबर 2024 तक प्लांट ने जितना पानी भू-गर्भ से उपयोग किया उसकी बकाया राशि वसूली के लिए पिछले एक साल से जल संसाधन विभाग हर महीने कंपनी की बंद फैक्ट्री में बिल भेजकर तगादा कर रहे हैं लेकिन उन्हें कोई जवाब आईआरसीटीसी की तरफ से नहीं मिल रहा है। हर दिन 5 लाख रुपए से ज्यादा का पानी बेचा रेल नीर के सिरगिट्टी प्लांटर में पांच सालों में औसत प्रतिदिन 40 हजार पानी बोतल बेची गई जो कि 5 लाख रुपए प्रतिदिन के लगभग है। आईआरसीटीसी ने जिस-जिस कंपनी को ठेका दिया था अगर उसने इतना पानी बेचा है तो उसे जलकर देने में पीछे नहीं होना था। क्योंकि प्लांट बंद होने तक लगभग 50 हजार पानी बोतल की सप्लाई की गई है। रांची और धनबाद तक भेजते थे पानी रेल नीर प्लांट से प्रतिदिन रांची और धनबाद रेलवे स्टेशन को 18 हजार बोतल, बिलासपुर रेलवे स्टेशन को 18 हजार पानी बोतल, रायपुर और दुर्ग स्टेशन को 14 हजार 400 बोतल, झारसुगड़ा रेलवे स्टेशन को 6 हजार बोतल, बिलासपुर वंदे भारत को 500 एमएल वाला 1680 बोतल, दुर्ग वंदे भारत को 500 एमएल वाला 1680 बोतल सप्लाई की जाती थी। अब तक 90 करोड़ का पानी बेचा आईआरसीटीसी ने 10 करोड़ रुपए के रेल नीर प्लांट में आमदनी और भुगतान का विवाद 2020 में शुरू हुआ था। इन पांच वर्षों में आईआरसीटीसी ने 90 करोड़ रुपए का पानी बेचा फिर भी जल संसाधन विभाग की 13 करोड़ 40 लाख रुपए का भुगतान नहीं किया। दर असल यह विवाद आईआरसीटीसी का नहीं है यह उनका है जिन्होंने प्लांट ठेके पर लेकर चलाया। शीघ्र सुलझ जाएगा मामला बिलासपुर स्थित आईआरसीटीसी के प्लांट को शीघ्र ही चालू करने की प्रक्रिया चल रही है। उसके टेंडर की प्रक्रिया चल रही है। जहां तक जल संसाधन विभाग की बकाया राशि का मामला है तो इसे भी शीघ्र ही सुलझा लिया जाएगा। वीके भट्टी, जनसंपर्क अधिकारी आईआरसीटीसी
रायगढ़। शहर के प्रतिष्ठित शैक्षणिक स्कूल संस्कार पब्लिक स्कूल प्रगति के सोपान पर निरंतर आगे बढ़ रही है। इसी क्रम में आज शुक्रवार को संस्कार पब्लिक स्कूल के नवनिर्मित सड़क का उद्घाटन हुआ। मार्गदर्शक रामचंद्र शर्मा ने बताया कि वरिष्ठ पत्रकार सुभाष त्रिपाठी, रमेश अग्रवाल, नरेश शर्मा, विनय पांडेय, संजय बोहिदार आदि की उपस्थिति में कार्यक्रम संपन्न हुआ। लगभग 500 मीटर की सड़क मुख्य द्वार से लेकर छात्रावास तक विस्तारित है। कार्यक्रम की खास बात यह रही कि मीडियाकर्मी रामचंद्र शर्मा की स्कूल की सड़क का उद्घाटन भी मीडियाकर्मियों द्वारा ही किया गया। जिसके चलते सभी पत्रकारों में उत्साह देखते ही बनता था। वरिष्ठ पत्रकार गणों ने प्रारंभ में दीप प्रज्जवलित कर भगवान विश्वकर्मा को याद कर पूजा अर्चना की। फीता काटकर सड़क भ्रमण कर प्रेसवार्ता ली गई।
प्रेस वार्ता में स्कूल के संचालक रामचंद्र शर्मा ने स्कूल में होने वाले सुधार व इंफ्रास्ट्रक्चर की जानकारी प्रदान की। फीस आदि के संबंध में भी बताया गया कि संस्कार स्कूल के स्तर की किसी भी स्कूल से वहां की फीस कम है। साथ ही किसी भी निर्माण कार्य में होने वाले खर्च को फीस में नहीं जोड़ा जाता। प्राचार्या रश्मि शर्मा ने कहा कि संस्कार पब्लिक स्कूल बेहतर सुविधाओं के साथ विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए प्रयासरत है। कार्यक्रम में मंच संचालन दीपक मंडल व आभार प्रदर्शन एक्टिंग डायरेक्टर सीपी देवांगन द्वारा किया गया। जल्द ही टॉप पर होगी संस्कार कार्यक्रम के मुख्य अतिथि वरिष्ठ पत्रकार सुभाष त्रिपाठी ने बताया कि संस्कार पब्लिक स्कूल देखते ही देखते उंचाईयों को छू रही है। लगातार सुधार करते जाने से संस्कार पब्लिक स्कूल रायगढ़ ही नहीं वरन् आसपास के जिलों में भी प्रसिद्ध हो गई है। प्रबंधन की मेहनत, इंस्फ्रास्ट्रक्चर में सुधार, शानदार शैक्षणिक गतिविधियां, व्यक्तित्व विकास कार्यक्रम, हॉर्स राईडिंग, खेलकूद में अग्रणी आदि कारणों से जल्द ही सर्वोच्च शिखर पर पहुच जाएगी।
रायगढ़। पुलिस अधीक्षक श्री दिव्यांग कुमार पटेल के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अनिल कुमार सोनी के मार्गदर्शन में जिले भर में सड़क सुरक्षा को लेकर सघन जांच अभियान चलाया गया। अभियान के तहत शराब पीकर वाहन चलाने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की गई, जिसमें – *कुल 38 प्रकरण धारा 185 मोटर व्हीकल एक्ट* के अंतर्गत दर्ज किए गए हैं।
जानकारी के मुताबिक कल दिनांक 13.01.2026 को जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में पुलिस एवं यातायात पुलिस द्वारा संयुक्त रूप से ब्रीथ एनालाइजर मशीन से वाहन चालकों की जांच की गई। जांच के दौरान कई वाहन चालकों में एल्कोहल सेवन की पुष्टि होने पर उनके विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की गई।
यातायात डीएसपी श्री उत्तम प्रताप सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि वर्तमान में जिले में राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह मनाया जा रहा है, जिसके अंतर्गत एक ओर जहां आम नागरिकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया जा रहा है, वहीं दूसरी ओर यातायात एवं संबंधित थाना पुलिस द्वारा मोटर व्हीकल एक्ट के तहत सख्त प्रवर्तन कार्रवाई भी की जा रही है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि शराब पीकर वाहन चलाना न केवल स्वयं के लिए बल्कि अन्य सड़क उपयोगकर्ताओं के लिए भी जानलेवा है, इसलिए इस प्रकार के जांच अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।
पुलिस की अपील— वाहन चलाते समय नशे से दूर रहें, यातायात नियमों का पालन करें और सुरक्षित सड़क सुरक्षा को बढ़ावा दें।
सिवनी ग्राम में एक्सपोज़र विज़िट, 18 लाभार्थियों ने लिया भाग अदाणी फाउंडेशन द्वारा इस वर्ष भी 100 महिलाओं को सहायता रायगढ़ । अदाणी पॉवर लिमिटेड, रायगढ़ की सामाजिक उत्तरदायित्व (सी एस आर) शाखा अदाणी फाउंडेशन द्वारा जांजगीर–चांपा जिले के सिवनी ग्राम में मशरूम उत्पादन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से एक प्रेरणादायक एक्सपोज़र विज़िट का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में कोर एवं परिधीय ग्रामों से जुड़े मशरूम उत्पादन में संलग्न 18 लाभार्थियों ने भाग लिया। इस पहल का मुख्य उद्देश्य ग्रामीणों को व्यवहारिक ज्ञान, सफल मॉडल और बाजार की समझ प्रदान कर उन्हें आत्मनिर्भरता की ओर अग्रसर करना था।
भ्रमण के दौरान लाभार्थियों ने सिवनी ग्राम निवासी श्री ध्वजाराम साहू के निवास का दौरा किया। श्री साहू एकीकृत मशरूम उत्पादन के क्षेत्र में एक सफल उदाहरण हैं। उन्होंने सीमित संसाधनों के बावजूद तकनीकी समझ, अनुशासन और निरंतर प्रयासों के माध्यम से मशरूम उत्पादन को एक लाभकारी उद्यम के रूप में स्थापित किया है। उन्होंने लाभार्थियों को मशरूम उत्पादन की संपूर्ण प्रक्रिया के बारे में विस्तार से जानकारी दी, जिसमें कच्चे माल की तैयारी, तापमान एवं नमी प्रबंधन, स्वच्छता, समय पर कटाई और उत्पादन चक्र का महत्व शामिल था। श्री साहू ने बताया कि सही तकनीक और नियमित देखभाल अपनाने से मशरूम उत्पादन एक स्थायी आय का स्रोत बन सकता है।
इस भ्रमण का एक महत्वपूर्ण हिस्सा बिलासपुर स्थित मशरूम लैब के संचालक श्री उत्तम पटेल के साथ संवाद रहा। उन्होंने मशरूम उत्पादन के साथ-साथ गुणवत्ता नियंत्रण, ड्राई प्रोसेसिंग और मार्केटिंग से जुड़ी अहम जानकारियाँ साझा कीं। श्री पटेल ने बताया कि मशरूम को वैज्ञानिक विधि से सुखाकर लंबे समय तक सुरक्षित रखा जा सकता है, जिससे खराब होने की समस्या कम होती है और बाजार में बेहतर मूल्य प्राप्त किया जा सकता है। उन्होंने यह भी बताया कि सूखे मशरूम की मांग शहरी क्षेत्रों, होटल और रेस्टोरेंट में लगातार बढ़ रही है। सही पैकेजिंग, ब्रांडिंग और बाजार संपर्क के माध्यम से ग्रामीण उत्पाद बड़े स्तर पर पहचान बना सकते हैं। यह जानकारी लाभार्थियों के लिए अत्यंत उपयोगी रही क्योंकि इससे उन्हें मूल्य संवर्धन के नए अवसरों की समझ मिली।
अदाणी फाउंडेशन द्वारा आयोजित इस एक्सपोज़र विज़िट का मुख्य उद्देश्य लाभार्थियों को यह एहसास कराना था कि मशरूम उत्पादन केवल एक सहायक गतिविधि नहीं, बल्कि एक पूर्ण व्यवसाय के रूप में विकसित किया जा सकता है। उचित रणनीति, तकनीकी प्रशिक्षण, मूल्य संवर्धन और मजबूत बाजार संपर्क के माध्यम से ग्रामीण युवा और महिलाएँ आत्मनिर्भर बन सकती हैं।
कार्यक्रम के अंत में लाभार्थियों ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि इस भ्रमण से उन्हें नई सोच, आत्मविश्वास और आगे बढ़ने की स्पष्ट दिशा मिली है। यह एक्सपोज़र विज़िट ग्रामीण आजीविका सशक्तिकरण की दिशा में एक सार्थक और प्रेरणादायक पहल साबित हुई। गौरतलब है कि अदाणी फाउंडेशन पिछले चार वर्षों से महिलाओं की आजीविका संवर्धन के लिए प्रयासरत है और इस वर्ष भी 100 महिलाओं को मशरूम उत्पादन हेतु सहायता प्रदान कर रहा है।
रायगढ़ के विशेषज्ञ चिकित्सकों ने दी अपनी सेवाएं 257 ग्रामीण व विद्यार्थी हुए लाभान्वित
रायगढ़ । सेवा उद्देश्य को लक्ष्य में रखकर राष्ट्रीय सेवा योजना के सात दिवसीय विशेष शिविर ग्राम बालम गोड़ा कोतर में रायगढ़ के प्रतिष्ठित चिकित्सा संस्थान संजीवनी नर्सिंग होम टिल्लू मेमोरियल एवं रोटरी क्लब ऑफ रायगढ़ ग्रेटर के सौजन्य से निःशुल्क चिकित्सा एवं उपचार शिविर तथा दवा वितरण का आयोजन किया गया शिविर के चतुर्थ दिवस 9 जनवरी को भव्य निःशुल्क चिकित्सा शिविर एवं दवा वितरण का कार्यक्रम ग्राम बालमगोड़ा के एनएसएस शिविर माध्यमिक विद्यालय परिसर में रखा गया जहां ग्राम एवं आसपास के दो सौ सत्तावन लोगों ने अपने स्वास्थ्य का परीक्षण कराया एवं निशुल्क दवा तथा आवश्यक स्वास्थ सामग्री भी प्राप्त की । शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय तारापुर के राष्ट्रीय सेवा योजना सात दिवसीय विशेष शिविर में 9 जनवरी का दिन ग्रामवासियों के लिए एक विशेष चिकित्सा स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने का दिन रहा विशेष शिविर में रायगढ़ के वरिष्ठ शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. केदारनाथ पटेल, स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. मालती कुमारी, श्वास रोग विशेषज्ञ डॉ. गणेश पटेल अस्थि रोग विशेषज्ञ डॉक्टर दिनेश पटेल एवं दंत रोग विशेषज्ञ डॉ. आकांक्षा अग्रवाल साथ ही सलाहकार चिकित्सक डॉ. गोपाल देवांगन एवं डॉ. रश्मि पटेल स्त्री रोग विशेषज्ञ, ने भी निःशुल्क चिकित्सा परामर्श प्रदान किया वहीं संजीवनी हॉस्पिटल की ओर से निशुल्क दवा के साथ जरूरतमंद लोगों को सहारा छड़ी, कमर बेल्ट, नी केप इत्यादि सामग्री भी वितरित किए गए ।
नि:शुल्क चिकित्सा शिविर के शुभारंभ अवसर पर मां सरस्वती एवं राष्ट्रीय सेवा योजना के प्रतीक पुरुष स्वामी विवेकानंद की पूजा अर्चना तथा स्व.टिल्लू अग्रवाल के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित करते हुए चिकित्सा शिविर का शुभारंभ किया गया इस अवसर पर डॉ. केदारनाथ पटेल ने कहा कि जीवन में सेवा एवं परोपकार से सुखद अनुभूति होती है मैं अपने जीवन में स्वामी विवेकानंद जी के सेवा भावना और सरदार वल्लभभाई पटेल के दृढ़ता को अपना आदर्श मानता हूं। पिछले 20 वर्षों से हम राष्ट्रीय सेवा योजना के विशेष शिविर में आकर चिकित्सा परामर्श एवं निःशुल्क दवा वितरण कर रहे हैं
जिसके लिए संजीवनी नर्सिंग होम के पुरुषोत्तम अग्रवाल जी विशेष धन्यवाद के पात्र हैं। इस अवसर पर रोटरी क्लब आफ रायगढ़ ग्रेटर के संस्थापक अध्यक्ष पुरुषोत्तम अग्रवाल ने कहा कि एनएसएस के शिविर में आकर हमें विशेष अनुभूति होती है अब तक हमारी संस्था द्वारा 203 निःशुल्क चिकित्सा एवं उपचार शिविर का आयोजन किया जा चुका है । जरूरतमंद और समाज के अंतिम छोर पर बैठे ग्रामीण जनों की निशुल्क चिकित्सा एवं दवा वितरण से हमें सुखद अनुभूति के साथ ही यह हमारे लिए प्रेरणादायक भी होता है ।
इस अवसर पर कार्यक्रम अध्यक्ष विनोद अग्रवाल सेवानिवृत प्राध्यापक रामजी अग्रवाल रोटरी क्लब ऑफ रायगढ़ ग्रेटर के वर्तमान अध्यक्ष मनीष जायसवाल, सचिव नयन अग्रवाल डिप्टी गवर्नर उमेश थवाईत, कार्यक्रम अध्यक्ष विनोद अग्रवाल रोटेरियन सूरज जायसवाल मनोज बेरीवाल अशोक मित्तल की उपस्थिति रही। शिविर में निःशुल्क चिकित्सा शिविर के शुभारंभ कार्यक्रम एवं समापन समारोह का संचालन राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी मंजू पटेल द्वारा किया गया। समापन अवसर पर आयोजकों का प्रशस्ति पत्र एवं मोमेंटो प्रदान कर एनएसएस परिवार की ओर से विशेष सम्मान किया गया एवं जिला संगठक भोजराम पटेल द्वारा कृतज्ञता व्यक्त करते हुए इस आयोजन के लिए विशेष रूप से आभार अभिव्यक्त की गई । कार्यक्रम में पीटीआई विनिता पाणी, ग्राम के प्रतिष्ठित नागरिक छवि नायक, घनश्याम साव, माध्यमिक विद्यालय के प्रधान पाठक गिरिजा कुमार नायक, हरिकृष्ण बैरागी, उदयसिंह पटेल, शशिभूषण सिदार, रामकुमार पटेल, शशि सिदार, भवानी दास महंत यज्ञपाल सिदार, भूपेंद्र यादव शिविरार्थी राम प्रकाश सिदार भूमिका पटेल विशाखा सिदार लक्की चौहान, सुष्मिता सारथी, मिथलेश साहू जितेश निषाद गीतिका बरेठ, मुस्कान बैरागी,नागेश पटेल रासेयो के स्वयंसेवी छात्र-छात्राओं का का शिविर आयोजन में सराहनीय योगदान रहा ।
रायगढ़। एसईसीएल की दीपका कोयला खदान में ब्लास्टिंग के दौरान एसईसीएल कर्मी लखन पटेल निवासी रैकी की दर्दनाक मौत ने पूरे कोयला क्षेत्र को हिला कर रख दिया। यह हादसा सुआ-भोड़ी फेस पर उस वक्त हुआ, जब अमानक तरीके से ब्लास्टिंग कराई जा रही थी। खबर के अनुसार सुरक्षा मानकों की अनदेखी कर ब्लास्टिंग कराई जा रही थी, जिसकी चपेट में आकर कर्मी की मौके पर ही मौत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि ब्लास्टिंग से पहले न तो पर्याप्त सेफ्टी ज़ोन बनाया गया और न ही कर्मियों को सुरक्षित दूरी पर हटाया गया। सवाल यह भी उठ रहा है कि आखिर किसके आदेश पर और किन परिस्थितियों में यह खतरनाक ब्लास्टिंग कराई जा रही थी? घटना के बाद खदान क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है। कर्मचारियों और श्रमिक संगठनों ने दीपका प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि यहां पहले भी कई बार नियमों की अनदेखी कर उत्पादन के दबाव में जान जोखिम में डाली गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि दीपका खदान में उत्पादन पहले, सुरक्षा बाद में” की नीति खुलेआम चल रही है। अगर समय रहते अमानक ब्लास्टिंग पर रोक लगाई जाती और जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई होती, तो शायद आज एक और परिवार उजड़ने से बच जाता। हैरानी की बात यह है कि हादसे के बाद भी प्रबंधन की ओर से कोई ठोस बयान या जिम्मेदारी तय करने की पहल नहीं की गई है। सवाल यह है कि क्या इस मौत को भी पूर्व में हुए अन्य हादसों की तरह फाइलों में दबा दिया जाएगा या फिर इस बार किसी बड़े अधिकारी पर गाज गिरेगी?
रायगढ़, 7 जनवरी 2026/ जिला अल्पसंख्यक कल्याण समिति एवं प्रधानमंत्री नवीन 15 सूत्रीय कार्यक्रम की जिला स्तरीय त्रैमासिक बैठक 13 जनवरी को प्रातः 11 बजे से कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित की जाएगी।